यूथ फेस्टिवल में रामपुर कॉलेज का दबदबा, भारतीय समूह गान में प्रथम स्थान समेत झटके पांच पुरस्कार
- हमीरपुर में आयोजित अंतरमहाविद्यालय युवा महोत्सव में विद्यार्थियों ने मनवाया प्रतिभा का लोहा, महाविद्यालय पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। अंतरमहाविद्यालय युवा महोत्सव समूह-दो में रामपुर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पुरस्कार अपने नाम किए। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेमोरियल कॉलेज, हमीरपुर में आयोजित इस युवा महोत्सव में रामपुर महाविद्यालय ने भारतीय समूह गान में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद महाविद्यालय पहुंचने पर विजेता विद्यार्थियों का भव्य स्वागत किया गया।
युवा महोत्सव में रामपुर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न संगीत प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय समूह गान में प्रथम स्थान हासिल करने के अलावा जसवंत (यश कश्यप) ने भारतीय शास्त्रीय गायन में दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, प्रिया ने एकल लोकगीत गायन और आमोस ने पाश्चात्य एकल वादन में दूसरा स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय की टीम ने पाश्चात्य समूह गान में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया और उपप्राचार्य डॉ. विद्याबंधु नेगी ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने संगीत विभाग के प्रोफेसर राजेश कुमार, टीम प्रभारी प्रोफेसर अनूप, डॉ. विपन कुमार और प्रोफेसर हेमलता के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को इसी तरह मेहनत जारी रखने और भविष्य में भी महाविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
Rampur, Shimla | Oct 22, 2026