बाड़मेर नगर परिषद सभापति पद के लिए मतदान सोमवार को
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नगर परिषद में मतदान स्थल का निरीक्षण किया
बाड़मेर, 20 सितंबर। बाड़मेर नगर परिषद में सभापति पद के लिए सोमवार को मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल एवं पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने रविवार को नगर परिषद में मतदान स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रिटर्निंग अधिकारी वीरमाराम ने बताया कि नगर निकाय अध्यक्षीय पद के लिए मतदान 21 सितंबर को होगा। इस दौरान मतदान का समय प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन 22 सितंबर को होगा। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक प्रातः 10 बजे प्रारंभ होगी। नामांकन पत्र प्रातः 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे एवं नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11ः30 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापिस लेने का समय अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। यदि आवश्यक हुआ तो अपराह्न 2ः30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा एवं मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी। इधर, जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्यमी गोपाल, पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट, उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवीन्द्र कुमार ने नगर परिषद परिसर में सभापति के चुनाव संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समुचित तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस उप अधीक्षक बुद्धाराम विश्नोई, कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Barmer, Barmer | Sep 20, 2026