#भरतपुर। पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की बीती रात क्रेशर विवाद को लेकर हुई हत्या मामले के बाद सोमवार को प्रीति चंद्रा वैर थाने पहुंचीं। यहां थोड़ी देर रुकने के बाद वे घटना स्थल भौंडा गांव के लिए रवाना हो गईं। वहीं मामले को लेकर एसपी राजेश मीणा ने कहा- जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया है। प्रथम दृष्टया फायरिंग जैसी घटना नहीं हुई हैं। लेकिन, हमने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को बुलाया है। टीम जांच कर रही है। जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई करेंगे। पीड़ित कमलेश ने बताया कि उनके पति अतर सिंह रविवार शाम 6:30 बजे भौंड़ा गांव में अपने क्रेशर खनन लीज (प्लांट) पर पहुंचे थे। इसी दौरान 70-80 लोगों ने मेरे पति और अन्य लोगों पर हमला किया। घटना के समय क्रेशर प्लांट पर करीब 20 से 25 कर्मचारी भी मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद एसएमएस हॉस्पिटल से अतर सिंह भड़ाना के शव को लेकर परिजन पैतृक गांव के फरीदाबाद के पाली के लिए रवाना हो गए है।