होटल एवं रेस्टोरेंट के निरीक्षण में मिली कमियां, संचालकों को नोटिस जारी
पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिले में संचालित होटल एवं रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों का खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान होटल सागर, होटल सत्यम, होटल NH-47, होटल प्रदीप, दादाजी रेस्टोरेंट एवं एमपी टूरिस्ट मोटल सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत अनुसूची-4 में निर्धारित प्रावधानों के अनुपालन की जांच की गई। खाद्य कारोबार से जुड़े कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, पेयजल की वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट सहित स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा से संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में निर्धारित प्रावधानों के अनुपालन में कमियां पाई गईं। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संबंधित होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत नोटिस जारी किए जा रहे हैं। साथ ही संचालकों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।
कार्रवाई के दौरान होटल एवं रेस्टोरेंट के किचन में उपयोग किए जा रहे पनीर, बटर, घी एवं अन्य खाद्य पदार्थों की भी मौके पर जांच की गई। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूपता की जांच के लिए आवश्यकतानुसार नमूने लिए गए। पनीर के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में होटल एवं रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों का निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राहुल सिंह अलावा एवं श्री वेलसिंह मोरी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP #Jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Aug 22, 2026