*दमोह में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते सहायक सचिव रंगे हाथ गिरफ्तार*
दमोह/तेजगढ़। दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत परासईं, जनपद पंचायत जबेरा में सागर लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत के सहायक सचिव राजेश सिंह लोधी को कथित रूप से 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता संजू रैकवार एवं उनकी माता के प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्य के एवज में सहायक सचिव द्वारा करीब 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता संजू रैकवार का कहना है कि उनसे पहले ही 20 हजार रुपये लिए जा चुके थे, जिसके बाद उनसे दोबारा 8 हजार रुपये की मांग की गई।
संजू रैकवार ने मामले की शिकायत सागर लोकायुक्त पुलिस से की। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सहायक सचिव को कथित रूप से 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले उनके पिता की सांवल योजना के अंतर्गत करीब 2 लाख रुपये निकाले गए थे, जिसमें सहायक सचिव द्वारा उनसे 15 हजार रुपये लिए जाने की बात कही गई है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से ग्राम पंचायत परासईं सहित आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोकायुक्त पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नोट: मामले में शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों की जांच एवं पुष्टि संबंधित जांच एजेंसी द्वारा की जाना शेष है।
Patera, Damoh | Oct 6, 2026