रामगढ़ में दशलक्षण महापर्व का शुभारंभ, प्रथम दिन मनाया उत्तम क्षमा धर्म
रामगढ़। श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर के प्रांगण में दशलक्षण महापर्व का श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। महापर्व के प्रथम दिन जैन समाज के श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान जिनेंद्र की पूजा-अर्चना की और विधि-विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा।
जैन समाज के प्रवक्ता अजीत जैन एवं मोहित जैन ने बताया कि दशलक्षण महापर्व जैन धर्म का महत्वपूर्ण आध्यात्मिक पर्व है। इसमें दस उत्तम धर्मों के माध्यम से आत्मशुद्धि, संयम और आत्मचिंतन का संदेश दिया जाता है। इनमें उत्तम क्षमा, उत्तम मार्दव, उत्तम आर्जव, उत्तम शौच, उत्तम सत्य, उत्तम संयम, उत्तम तप, उत्तम त्याग, उत्तम आकिंचन्य और उत्तम ब्रह्मचर्य शामिल हैं।
महापर्व के प्रथम दिन उत्तम क्षमा धर्म मनाया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ क्षमा के महत्व को समझते हुए आपसी वैमनस्य दूर करने और जीवन में क्षमाभाव अपनाने का संकल्प लिया। जैन समाज के त्यागीव्रती श्रावक कौशल किशोर जैन ने बताया कि दशलक्षण महापर्व व्यक्ति को क्षमा, संयम, सत्य, त्याग और आत्मचिंतन जैसे गुणों को जीवन में उतारने की प्रेरणा देता है।
आयोजकों के अनुसार महापर्व के आगामी दिनों में भी मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान जैन समाज के अध्यक्ष रघुवर दयाल जैन, प्रदीप मित्तल, राकेश जैन, विपुल जैन, महामंत्री अमित जैन, कोषाध्यक्ष शांति प्रसाद जैन, मोहित जैन, मनोज जैन, सतीश जैन, संयम जैन, नत्थू लाल जैन, प्रतीक जैन, शुभम जैन, सचिन जैन, अंकुर जैन, योगेश कुमार जैन सहित समाज के गणमान्यजन, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Alwar, Alwar | Sep 18, 2026