कुडू में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायरी सामान और खराब मिठाइयां नष्ट
IHQ PUBLIC INDIA
लोहरदगा/कुडू। आगामी पर्व-त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार, 16 सितंबर 2026 को कुडू प्रखंड मुख्यालय में दुकानों और खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच की।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोईन अख्तर और विश्वनाथ गगराई के नेतृत्व में टीम ने कुडू बस स्टैंड और मेन रोड क्षेत्र में थोक-खुदरा दुकानों, मिठाई दुकानों, ठेला-खोमचा और फल विक्रेताओं के यहां जांच की।
जांच के दौरान मेसर्स कलाम स्टोर में एक्सपायरी पेय पदार्थ, मसाले, बिस्किट और सॉस सहित कई खाद्य सामग्री मिली। सामान को मौके पर नष्ट कराया गया और संचालक पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। लाइसेंस लेने के लिए भी नोटिस दिया गया।
योगेंद्र किराना दुकान में मिले एक्सपायरी सत्तू को मौके पर नष्ट किया गया। वहीं कुछ मसाला उत्पादों के वैज्ञानिक नमूने जांच के लिए लिए गए।
रांची स्वीट्स में साफ-सफाई की व्यवस्था खराब मिलने पर संचालक पर 5 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया और व्यवस्था में सुधार का निर्देश दिया गया। सागर स्वीट्स में मिले बासी लड्डुओं को भी मौके पर नष्ट कराया गया।
जांच के दौरान कुछ ठेला-खोमचा में खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंग के इस्तेमाल की पुष्टि हुई, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और निर्धारित खाद्य रंगों का ही इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई।
वहीं फल विक्रेताओं को 15 दिनों के भीतर फूड लाइसेंस लेने का निर्देश दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
“त्योहार से पहले कुडू में खाद्य विभाग का एक्शन!”
“एक्सपायरी सामान और बासी मिठाइयां नष्ट, दुकानदारों पर जुर्माना
#IHQPublicIndia #Lohardaga #Kudu #LohardagaNews #KuduNews #FoodSafety #