वार्ड नंबर 6 में जलजमाव से परेशान ग्रामीण, नगर परिषद की कार्यशैली पर उठे सवाल
नाली के गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, वार्ड नंबर 6 में जलजमाव से ग्रामीण परेशान
अरवल। अरवल नगर क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 6 में इन दिनों जलजमाव और गंदगी की समस्या ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर नाली और बरसाती पानी का जमाव होने के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लंबे समय से गंदा पानी जमा है। कई बार नगर परिषद को इसकी शिकायत की गई, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। स्थिति यह है कि बच्चे इसी गंदे पानी के बीच से होकर विद्यालय जाने को मजबूर हैं, जबकि बुजुर्ग और महिलाएं भी इसी रास्ते से आवागमन करती हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि इसी मार्ग के समीप पूजा हॉस्पिटल भी स्थित है। बीमारी और परेशानी की हालत में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। जलजमाव के कारण संक्रमण और विभिन्न बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों ने नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर वार्ड नंबर 6 के लोग बुनियादी जलनिकासी व्यवस्था के लिए तरस रहे हैं।
ग्रामीणों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर जमा गंदे पानी की तत्काल निकासी कराकर नाली की समुचित सफाई और स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके। Public Ki Awaz - News Public ki Awaz Arvind Yadav A1 express Arvind Arvind
Arwal, Arwal | Oct 8, 2026