ईंयारा में मृत पशु खुले में छोड़ने से संकट, बकरी के बाद मोर हुआ घायल
#बीदासर उपखंड के ईंयारा गांव में मृत पशुओं को निर्धारित स्थल पर दफनाने के बजाय खुले में छोड़े जाने से गंभीर स्थिति बन गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार सरपंच प्रतिनिधि और गौशाला समिति को शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। खुले में पड़े मृत पशुओं के कारण आवारा कुत्ते लगातार वन्यजीवों और पालतू पशुओं पर हमला कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बकरी के बाद अब राष्ट्रीय पक्षी मोर भी कुत्तों का शिकार होकर घायल हो गया। सूचना पर पशु चिकित्सक डॉ. अनिल चौहान मौके पर पहुंचे और प्राथमिक उपचार के बाद मोर का रेस्क्यू कर वन विभाग को सौंप दिया गया। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और संबंधित जिम्मेदारों की लापरवाही पर कार्रवाई तथा मृत पशुओं का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यह रास्ता स्कूली बच्चों के लिए भी खतरा बनता जा रहा है।