कलेक्ट्रेट से लेकर जेल तक श्री गणपति जी की आराधना
..
शासकीय कार्यालयों, जिला एवं उप जेल में स्थापित गणेश प्रतिमाओं की प्रतिदिन विधि-विधान से हो रही पूजा-अर्चना
..
विदिशा जिले में गणेश उत्सव के अवसर पर आस्था और भक्ति का वातावरण बना हुआ है। कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों तथा उप जेल में भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इन स्थानों पर अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य लोग प्रतिदिन भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना कर रहे हैं।
कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष प्रतिदिन श्रद्धाभाव के साथ पूजा-अर्चना की जा रही है। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता स्वंय अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ साथ अपने नियमित शासकीय दायित्वों के साथ गणपति आराधना में भी सहभागिता कर रहे हैं।
गणेश उत्सव के चलते कलेक्ट्रेट परिसर में आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण दिखाई दे रहा है।इसी प्रकार जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों में भी भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं विराजमान हैं। संबंधित कार्यालयों में प्रतिदिन पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया जा रहा है। अधिकारी-कर्मचारी एकजुट होकर भगवान गणेश का स्मरण करते हुए कार्यालयीन कार्यों के सफल संचालन तथा जिलेवासियों के सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
उप जेल में भी विराजमान हैं गणपति गणेश उत्सव का एक विशेष दृश्य उप जेल में भी देखने को मिल रहा है। यहां बंदियों द्वारा भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ प्रतिदिन पूजा-अर्चना की जा रही है। जेल परिसर में गणपति आराधना के माध्यम से बंदी धार्मिक आस्था से जुड़ रहे हैं और उत्सव के दौरान सकारात्मक एवं आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हो रहा है। गणेश उत्सव के दौरान पूजा-अर्चना के साथ आरती एवं प्रसाद वितरण जैसी गतिविधियों में भी सहभागिता की जा रही है। जेल प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं व्यवस्थाओं के अनुरूप धार्मिक आयोजन संपन्न कराए जा रहे हैं।
भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकारी देवता के रूप में पूजा जाता है। गणेश उत्सव के दौरान जिले के शासकीय कार्यालयों से लेकर जेल परिसर तक उनकी आराधना का क्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है। इससे धार्मिक आस्था के साथ-साथ सकारात्मक वातावरण परलिक्ष्त हो रहा है। #Vidisha #JansamparkMP