प्रेस नोट
दुखेड़ी गोलीकांड मामले में अंबाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सीआईए-02 ने मात्र 24 घंटे में मुख्य आरोपी को दबोचा,
अंबाला पुलिस ने मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए गाँव दुखेड़ी में हुए सनसनीखेज गोलीकांड के मुख्य आरोपी को वारदात के मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी की पहचान अंकित कुमार (निवासी: गाँव दुखेड़ी, जिला अंबाला) के रूप में हुई है।
मामले का विवरण व कार्रवाई,
कल दिनांक 17 जून 2026 को गाँव दुखेड़ी में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते केशव नाम के युवक पर जान से मारने की नियत से गोली चला दी थीं। वारदात के तुरंत बाद थाना पड़ाव में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंबाला, श्री अजीत सिंह शेखावत ने तुरंत कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने सीआईए (CIA) की टीमों को अलर्ट करते हुए आरोपियों की धरपकड़ के सख्त आदेश जारी किए और मामले की जिम्मेदारी सीआईए-02 को सौंपी।
सीआईए-02 की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के कुशल मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआईए-02 प्रभारी उप-निरीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जाल बिछाया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के लगभग 24 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ रंजिश का खुलासा,
सीआईए-02 प्रभारी उप-निरीक्षक रवि कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक की शुरुआती पूछताछ में आरोपी अंकित ने बताया कि पीड़ित और आरोपी पक्ष एक-दूसरे को पहले से अच्छी तरह जानते थे। उनके बीच किसी बात को लेकर पुरानी आपसी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
आगामी कार्रवाई,
उप निरीक्षक रवि कुमार के अनुसार, गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी अंकित कुमार को कल माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहाँ से उसे रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की जाएगी ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य सहयोगियों के बारे में पता लगाया जा सके।
अंबाला पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Uklana, Hissar | Jun 18, 2026