मऊ में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के तहत स्व-गणना और घर-घर जाकर जनसंख्या गणना कराने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनगणना का कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा कराया जाए।
बताया गया कि स्व-गणना का कार्य 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे, जबकि 5 से 9 जनवरी तक पुनरीक्षण का कार्य होगा।
जिलाधिकारी ने सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को समय से प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में जनगणना के प्रति जागरूकता के लिए विशेष कक्षा संचालित कराने और प्रत्येक विद्यालय में एक शिक्षक को नोडल अधिकारी नामित करने को कहा। उन्होंने विद्यार्थियों के माध्यम से अभिभावकों और आमजन को भी जागरूक करने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी, प्रधानाध्यापक और शिक्षक मौजूद रहे।
Maunath Bhanjan, Mau | Nov 2, 2026