जगदीशपुर अनुमंडलीय अस्पताल में खुला लिंक एआरटी सेंटर
एचआईवी संक्रमित मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी दवा, उपचार और परामर्श की सुविधा, सिविल सर्जन ने किया उद्घाटन
जगदीशपुर। जगदीशपुर अनुमंडलीय अस्पताल में सोमवार को लिंक एआरटी (एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी) सेंटर का उद्घाटन किया गया। इसका उद्घाटन सिविल सर्जन भोजपुर डॉ. शिवेंद्र कुमार सिन्हा एवं जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. अबसार अहमद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
लिंक एआरटी सेंटर के शुरू होने से जगदीशपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले एचआईवी संक्रमित मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर एआरटी से संबंधित सेवाएं मिल सकेंगी। मरीजों को दवाएं प्राप्त करने, नियमित फॉलोअप और आवश्यक परामर्श के लिए दूर स्थित एआरटी केंद्रों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे मरीजों के समय और पैसे की बचत होगी। साथ ही उपचार की निरंतरता बनाए रखने में भी सहूलियत मिलेगी।
उद्घाटन के मौके पर सिविल सर्जन डॉ. शिवेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। लिंक एआरटी सेंटर के माध्यम से मरीजों को सुलभ और नियमित उपचार की सुविधा मिलेगी। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए समर्पण के साथ सेवा करने की अपील की।मौके पर अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक, स्वास्थ्य प्रबंधक, लिंक एआरटी केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी, डाटा ऑपरेटर, जिला आईसीटीसी पर्यवेक्षक डॉ. राकेश कुमार सिंह, मुख्यालय एआरटी केंद्र के डाटा प्रबंधक श्यामानंद शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग एवं एड्स नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
Jagdishpur, Bhojpur | Nov 24, 2026