भाकपा माले मिथिला जोन की बैठक संपन्न, संगठन मजबूती और छात्र-युवा संसद की तैयारी पर बनी रणनीति.
भूमिहीनों को जमीन और सरकारी जमीन पर बसे परिवारों को बासगीत पर्चा दिलाने के लिए निर्णायक आंदोलन का ऐलान — धीरेंद्र झा.
दरभंगा, 16 अगस्त 2026। भाकपा माले मिथिला जोन की बैठक रविवार को दरभंगा के लहेरियासराय स्थित भाकपा माले जिला कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता दरभंगा जिला सचिव बैद्यनाथ यादव, मधुबनी जिला सचिव ध्रुव नारायण कर्ण एवं समस्तीपुर जिला सचिव उमेश कुमार ने की, जबकि मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा ने बैठक का पर्यवेक्षण किया।
बैठक की शुरुआत राज्य कमिटी द्वारा जारी सर्कुलर के सामूहिक पाठ से हुई। इसके बाद दिवंगत साथियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में खेग्रामस एवं किसान महासभा के सदस्यता अभियान की समीक्षा के साथ पार्टी संगठन को मजबूत करने, कमिटी एवं शाखाओं का विस्तार करने, पार्टी पत्रिका ‘लोकयुद्ध’ की वार्षिक सदस्यता बढ़ाने तथा फंड संग्रह अभियान को गति देने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में 20 अगस्त को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU), दरभंगा में आयोजित होने वाली छात्र-युवा संसद की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। नेताओं ने शिक्षा, रोजगार, लोकतांत्रिक अधिकारों और छात्र-युवाओं से जुड़े जनसरोकारों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने तथा कार्यक्रम में बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा ने कहा कि भूमिहीनों को जमीन तथा सरकारी जमीन पर वर्षों से बसे गरीब परिवारों को बासगीत पर्चा दिलाने के लिए निर्णायक संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीबों के वास-आवास का सवाल लगातार बड़ा मुद्दा बन रहा है और आंदोलन के दबाव में सरकार द्वारा बासगीत पर्चा देने की प्रक्रिया शुरू की गई है, लेकिन गरीब परिवारों को पर्याप्त जमीन उपलब्ध कराने की जरूरत है।
धीरेंद्र झा ने कहा कि सरकार द्वारा पांच डिसमिल जमीन देने के वादे से पीछे हटने का आरोप लगाते हुए पार्टी गरीबों के आवास और जमीन के सवाल को लेकर आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने मिथिला क्षेत्र में सूखे और पेयजल संकट का मुद्दा उठाते हुए उत्तर बिहार को सूखाग्रस्त क्षेत्र घोषित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था करने तथा ग्रामजी कानून के तहत गरीबों को काम उपलब्ध कराने की मांग की।
बैठक में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और रोजगार के सवाल पर चल रहे आंदोलनों के प्रति एकजुटता व्यक्त की गई। नेताओं ने सरकारी स्कूलों में पठन-पाठन की स्थिति बेहतर बनाने को भी प्रमुख जनमुद्दा बनाने का निर्णय लिया। साथ ही दलित एवं वंचित समुदायों पर बढ़ते हमलों की निंदा करते हुए उनके खिलाफ आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में बंदना सिंह, गंगा मंडल, सत्यनारायण पासवान, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, श्याम पंडित, विशंभर कामत, ललन कुमार, दिनेश कुमार, रंजीत राम, ललन पासवान, विनोद कुमार सिंह, अमित कुमार, रौशन कुमार, अभिषेक कुमार, शनिश्चरी देवी, लोकेश राज समेत दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिले के अनेक पार्टी सदस्य एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#भाकपामाले #CPIML #मिथिलाजोन #दरभंगा #मधुबनी #समस्तीपुर #धीरेंद्रझा #छात्रयुवासंसद #LNMU #मिथिलाविश्वविद्यालय #भूमिहीन #बासगीतपर्चा #भूमिहीनोंकोजमीन #शिक्षा #रोजगार #पेयजलसंकट #सूखाग्रस्तबिहार #गरीबोंकाअधिकार #दलितअधिकार #जनआंदोलन #KHEGRAMS #किसानमहासभा #LokYudh #StreamBihar