वाराणसी में GST डिप्टी-कमिश्नर घूस लेते पकड़ी गई: भागने के लिए 4 दरोगा से हाथापाई, विजिलेंस ने खींचकर जीप में डाला
वाराणसी में जीएसटी की डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। जैसे ही विजिलेंस की टीम ने अंबिका सिंह को पकड़ा, वह भागने लगीं। बचकर भागने की कोशिश में उन्होंने 4 महिला दरोगा से हाथापाई भी की।
इस दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। महिला अफसर भीड़ और राहगीरों से बचाने की गुहार लगाती रहीं। इसके बाद विजिलेंस टीम ने अंबिका सिंह को खींचकर जीप में डाला और थाने लेकर गई।
दरअसल, डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह ने एक व्यापारी की फाइल में रिटर्न भरने और जीएसटी की फाइल निस्तारण के लिए 50 हजार रुपए घूस मांगी थी। घूस की रकम लेने वह जीएसटी कमिश्नर ऑफिस के पास एक रेस्टोरेंट पहुंची थीं। इसी दौरान उन्हें पकड़ा गया। मामला भेलूपुर थाना क्षेत्र का बुधवार शाम 6:30 बजे का है।
बजरडीहा में रहने वाले अजय कुमार मौर्य 'ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड' कंपनी के निदेशक हैं। अजय ने फरवरी- 2023 के रिटर्न और जीएसटी (राज्य) समय पर भरा था। लेकिन, इसमें खामियों के बाद फाइल को जीएसटी कार्यालय ने फिर से तलब कर लिया। टैक्स की वापसी और निस्तारण के लिए जीएसटी फील्ड अफसर ने रिपोर्ट लगाकर डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह के पास भेज दी।
एप्रूव करने के लिए 50 हजार घूस मांगी
डिप्टी कमिश्नर अंबिका ने फाइल निस्तारण के लिए अजय को ऑफिस बुलाया और टैक्स से जुड़े सवाल पूछे। रिपोर्ट के आधार पर स्पष्टीकरण मांगा, फिर फाइल के निस्तारण की जगह रिजेक्ट करने की बात कही। जब अजय ने इसे अप्रूव करने की गुहार लगाई, तो अंबिका सिंह ने 50 हजार रुपए की घूस मांगी।
अजय ने जब घूस देने से इनकार किया, तो अंबिका ने कार्रवाई की बात कही। काफी जद्दोजहद के बाद अजय 50 हजार रुपए देने को तैयार हो गए। लेकिन, अजय जीएसटी ऑफिस से सीधे विजिलेंस के कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने एसपी को पूरा मामला बताया।
दादा रेस्टोरेंट से हुई गिरफ्तारी
अजय मौर्य की शिकायत पर वाराणसी की विजिलेंस टीम ने जांच की। इसमें आरोपों की पुष्टि हो गई। इसके बाद अंबिका के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की गई। बुधवार शाम 6:30 बजे अजय ने अंबिका सिंह को 50 हजार रुपए लेने के लिए दादा रेस्टोरेंट बुलाया। अंबिका सिंह ने रेस्टोरेंट के अंदर नोट का लिफाफा लिया और बाहर निकलने लगीं। तभी विजिलेंस टीम ने उन्हें दबोच लिया।
भीड़ से बचाने की गुहार लगाई
रंगेहाथ गिरफ्तार होते ही अंबिका ने भागने का प्रयास किया, तो उन्हें 4 महिला दरोगा ने पकड़ लिया। इस पर अंबिका ने उन महिला दरोगा से हाथपाई भी की, लेकिन उनके चंगुल से निकल नहीं पाई। इस दौरान अंबिका ने आसपास जुटी भीड़ से बचाने की गुहार लगाई।
महिला अफसर राहगीरों से गलत तरीके से फंसाए जाने की बात कहती रहीं, लेकिन कोई मदद करने नहीं आया। टीम ने रिश्वतखोरी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अब अंबिका सिंह की अप्रूव की गई अन्य फाइलों की जांच भी की जाएगी।
वहीं, गिरफ्तारी के बाद अंबिका सिंह के खिलाफ वाराणसी स्थित विजिलेंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, विजिलेंस ने साफ किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई चलती रहेगी।
विभाग ने लोगों से अपील की कि अगर कोई भी लोक सेवक सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी शिकायत विभाग के हेल्पलाइन नंबरों-9454401866 या 9454401222 पर दर्ज कराएं।