🏛️ मुजफ्फरपुर में डीएम कुमार गौरव का बड़ा निर्देश, जनहित के कामों में तेजी लाने पर जोर
मुजफ्फरपुर: जिलाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर जनहित के कार्यों का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।
डीएम ने विभिन्न योजनाओं के लिए भूमि, सीमांकन और एनओसी से जुड़े मामलों को तेजी से निपटाने के लिए अपर समाहर्ता को संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय करने को कहा। वहीं, जिले के 5,617 आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत, शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश डीपीओ, आईसीडीएस को दिया गया। आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए शेष भूमि उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में मिशन कायाकल्प, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पंचायत सरकार भवन, कन्या विवाह मंडप, विद्यार्थी सहयोग शिविर, उद्यमी योजनाओं, लोक शिकायत और आरटीपीएस मामलों की समीक्षा हुई। डीएम ने अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य करने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए प्रशासन को संवेदनशील, जवाबदेह और तत्पर रहना होगा। भूमि विवादों के समाधान के लिए सीओ और थानाध्यक्षों की साप्ताहिक संयुक्त बैठक सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
#TirhutNow #MuzaffarpurNews #KumarGaurav #DistrictAdministration
Musahri, Muzaffarpur | Sep 6, 2026