श्री हरि मंदिर में धूमधाम से संपन्न हुआ तुलसी विवाह, मंगल गीतों और भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
महिला मंडल की अगुवाई में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया देवउठनी एकादशी का पर्व, तुलसी माता और भगवान शालिग्राम के विवाह में उमड़े श्रद्धालु
बरेली। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर बरेली के श्री हरि मंदिर में तुलसी विवाह का भव्य आयोजन बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। महिला मंडल की अगुवाई में आयोजित इस धार्मिक समारोह में मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। मंगल गीतों, भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल अध्यक्ष रेनू छाबड़ा एवं उपाध्यक्ष कंचन अरोड़ा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद पूज्य पंडित जी ने शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ तुलसी विवाह की रस्में संपन्न कराईं। इस दौरान महिला मंडल की सदस्यों ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर विवाह की रस्मों को और भी आकर्षक बना दिया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास में तुलसी विवाह का विशेष महत्व है। इस दिन माता तुलसी को दुल्हन की तरह सजाकर भगवान विष्णु के स्वरूप भगवान शालिग्राम के साथ उनका विवाह कराया जाता है। मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर-परिवार में सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगल का आगमन होता है तथा कन्यादान के समान पुण्य फल प्राप्त होता है।
समारोह में महिला मंडल की सदस्यों ने भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी श्रद्धा अर्पित की। विशेष आकर्षण घरों से बनाकर लाए गए तरह-तरह के स्वादिष्ट पकवान रहे। महिला मंडल की सदस्यों और अन्य भक्तजनों ने मिलकर उत्सव की खुशियां साझा कीं। मंदिर समिति की ओर से भी सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर महिला मंडल अध्यक्ष रेनू छाबड़ा एवं उपाध्यक्ष कंचन अरोड़ा ने सभी भक्तजनों और मंडल की सदस्यों को तुलसी विवाह की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में रेनू छाबड़ा, कंचन अरोड़ा, नीलम साहनी, नीलम लुनियाल, प्रवेश कोचर, सीमा तनेजा, अनीता बजाज, रजनी लूथरा, संगीता लूथरा, चांद खुराना, बाला साहनी सहित महिला मंडल की अनेक सदस्य एवं श्रद्धालु सेवा में उपस्थित रहे।
भक्ति, परंपरा और महिला शक्ति के संगम ने श्री हरि मंदिर के तुलसी विवाह समारोह को यादगार बना दिया।
#श्रीहरिमंदिर #बरेली #तुलसीविवाह #देवउठनीएकादशी #कार्तिकमास #महिलामंडल #सनातनधर्म #धार्मिकआयोजन #BareillyNewsLive
Bareilly, Bareilly | Nov 21, 2026