एसपी मेघा भूषण ने किया इसराना थाने का औचक निरीक्षण
हादसे वाले स्थानों का भी लिया जायजा, थाना प्रभारी को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
इसराना:
पानीपत की पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण ने वीरवार को इसराना थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में पुलिस कर्मचारियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड और अन्य जरूरी इंतजामों का जायजा लिया। एसपी ने थाना प्रभारी हरिराम को थाने की सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी मेघा भूषण ने रोहतक-पानीपत नेशनल हाईवे पर इसराना चौक के साथ हादसों की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन स्थानों पर होने वाले सड़क हादसों की रोकथाम के लिए आवश्यक प्रबंधों की जानकारी ली। एसपी ने निर्देश दिए कि हादसे वाले स्थानों पर रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वाहन चालकों को सड़क और आसपास की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने थाना प्रभारी हरिराम को निर्देश दिए कि हाईवे पर संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की जाए तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। रात के समय प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। एसपी ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क हादसों को कम करना है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने और आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के लिए कहा।
Israna, Panipat | Sep 10, 2026