गृह क्लेश के चलते अधेड़ ने जहर खाकर दी जान
गोंडा (अलीगढ़)। क्षेत्र के गांव नयाबास में रविवार शाम गृह क्लेश के चलते एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी और सोमवार सुबह अंतिम संस्कार कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव नयाबास निवासी भूदयाल सिंह (50) पुत्र देवी सिंह गांव में ही पंचर बनाने का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, रविवार शाम को गृह क्लेश के चलते उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए इगलास ले गए, जहाँ देर रात करीब 12 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
भूदयाल सिंह के दो बेटे हैं, जिनमें से बड़े बेटे की शादी हो चुकी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार सुबह 11 बजे गांव में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस संबंध में स्थानीय पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना की कोई सूचना नहीं मिली है और न ही परिजनों की ओर से कोई शिकायत दी गई है।
Koil, Aligarh | Jun 2, 2026