स्कूल जा रहे 15 छात्र-छात्राओं के सामने अचानक आया भालू, मची अफरा-तफरी; डर के मारे घर लौटे बच्चे।
(पोखरी ) चमोली
जनपद चमोली के विकासखंड पोखरी के राजकीय इंटर कॉलेज गोदली जा रहे नेल गांव के 15 छात्र-छात्राओं के सामने
ढोगड़म तोक में सोमवार सुबह अचानक भालू और उसके बच्चे आ गए। भालू को देखते ही छात्र सहम गए और जोर-जोर से चिल्लाते हुए वापस घर की ओर दौड़ पड़े। गनीमत रही कि सभी छात्र सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, नेल गांव से नौली-गोदली सड़क के रास्ते छात्र-छात्राएं सुबह करीब 7:30 बजे स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें भालू अपने बच्चों के साथ दिखाई दिया। अचानक भालू सामने आने से छात्रों में दहशत फैल गई। सभी छात्र रास्ते से ही वापस अपने घर लौट गए।
घटना के दौरान अरमान, साहिल, अजय, अरुष, प्रियांशु, अकोल, मोहित, अरदीप, मीनाक्षी, नेहा, अरुशी, मुस्कान, अमीषा, कशिश और प्रिया मौजूद थे। हाल ही में क्षेत्र में भालू के हमले में दो महिलाओं की मौत की घटना के बाद से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों में पहले से ही भय का माहौल बना हुआ है। ऐसे में आबादी और स्कूल जाने वाले रास्ते पर फिर से भालू की सक्रियता सामने आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
नेल गांव के छात्र अरमान और मीनाक्षी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे वे गोदली स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक भालू अपने बच्चों के साथ दिखाई दिया। भालू को देखते ही वे डर गए और दौड़कर अपनी जान बचाई। इसके बाद सभी छात्र घर वापस लौट गए।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भालू की लगातार सक्रियता के कारण उन्हें रोजमर्रा के काम करने और बच्चों को स्कूल भेजने में भी डर लग रहा है। लोगों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और भालू के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
वहीं, केदारनाथ वन प्रभाग के डीएफओ रजत सुमन ने दूरभाष पर बताया कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। जिस स्थान पर छात्रों को भालू दिखाई दिया है, वहां भी टीम द्वारा पेट्रोलिंग की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं से सतर्क रहने की अपील की है।