नक्सल प्रभावित चरकापत्थर से निकले विनय यादव का एलआईसी में जलवा, जेडेम ट्रॉफी से हुए सम्मानित
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर एलआईसी जमुई शाखा ने किया सम्मानित, अधिकारियों ने बताया युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
जमुई। कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच सफलता की नई इबारत लिखने वाले चरकापत्थर निवासी बीमा सलाहकार विनय यादव को भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की जमुई शाखा में जेडेम ट्रॉफी एवं दशमबीर सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें बीमा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में शाखा प्रबंधक विजय कुमार ने कहा कि एलआईसी देश की सबसे विश्वसनीय और लोकप्रिय वित्तीय संस्थाओं में से एक है। विनय यादव ने अपनी मेहनत, ईमानदारी और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएं, यही हमारी शुभकामना है।
इस अवसर पर एबीएम सुशील कुमार, एबीएम पंकज कुमार, विकास अधिकारी अभिजीत कुमार, ओमप्रकाश कुमार एवं रोहित कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने विनय यादव को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
बताया गया कि विनय यादव जमुई जिले के चरकापत्थर क्षेत्र से आते हैं, जो कभी नक्सल प्रभावित और दुर्गम इलाकों में गिना जाता था। बावजूद इसके उन्होंने अपने परिश्रम और कार्यकुशलता के दम पर एलआईसी में एक अलग पहचान बनाई। पिछले लगभग पांच वर्षों से वे लगातार बीमा क्षेत्र में सक्रिय हैं और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कई मंचों पर सम्मानित हो चुके हैं।
एलआईसी अधिकारियों ने कहा कि विनय यादव की सफलता ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो यह संदेश देती है कि मेहनत और लगन के बल पर किसी भी मुकाम तक पहुंचा जा सकता है।
Sono, Jamui | Jun 5, 2026