*बरवाला में ब्लैक फिल्म व बिना दस्तावेजों के दौड़ रही 2 प्राइवेट बसों का 43 हजार के चालान, दोनों बसें इंपाउंड*
पंचकूला/कमल कलसी
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस ने जिले में यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान के तहत आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
इसी क्रम में आज बरवाला क्षेत्र में डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह स्वयं निरीक्षण के लिए पहुंचे और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दो प्राइवेट बसों की गहन जांच की गई। जांच में दोनों बसों के पास आवश्यक एवं वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके अलावा एक बस पर अवैध रूप से ब्लैक फिल्म लगी हुई थी तथा वह अन्य यातायात नियमों का भी उल्लंघन कर रही थी। इस बस का विभिन्न नियमों के उल्लंघन के चलते 26 हजार का चालान किया गया।
वहीं दूसरी प्राइवेट बस भी बिना वैध दस्तावेजों के संचालित होती मिली, जिसके विरुद्ध 17 हजार का चालान किया गया। इस प्रकार दोनों बसों पर कुल 43 हजार का चालान किया गया तथा दोनों वाहनों को यातायात नियमों के गंभीर उल्लंघन के चलते इंपाउंड कर दिया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बिना वैध दस्तावेज, ब्लैक फिल्म, ओवरलोडिंग अथवा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघना करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।