हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव श्रीमती मीना कंबोज ने संभाला पदभार
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन सैनी की मौजूदगी में हुआ पदभार ग्रहण कार्यक्रम, कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
जरूरतमंद बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा के लिए प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा कार्य: मीना कंबोज
पंचकूला 28 जुलाई : हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की नवनियुक्त मानद महासचिव श्रीमती मीना कंबोज ने आज परिषद के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपना पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण समारोह में हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन सैनी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती उषा प्रियदर्शी सहित विभिन्न बोर्डों एवं संस्थाओं के चेयरमैन, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने श्रीमती मीना कंबोज को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
श्रीमती मीना कंबोज ने कहा कि हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों के कल्याण के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में विशेष रूप से कार्य किया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक बच्चों तक परिषद की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ परिषद के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगी।