जिले में अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, 1 जुलाई से 15 सितंबर तक पूर्ण प्रतिबंध: उपायुक्त
उपायुक्त ने जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन रोकने के लिए दिए सख्त निर्देश
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाये निगरानी- उपायुक्त
अप्रैल 2026 से अब तक 112 वाहन जब्त, 56.84 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला
अंतरराज्यीय ट्रांजिट पास के बिना चलने वाले 108 वाहनों पर भी हुई कार्रवाई
पंचकूला, 28 जुलाई : उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने जिले में अवैध खनन पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा ऐसे वाहनों को तुरंत जब्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून अवधि के दौरान 1 जुलाई से 15 सितंबर तक खनन गतिविधियां बंद रहेंगी। ऐसे में सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि इस अवधि के दौरान जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनन न हो।
उपायुक्त आज लघु सचिवालय के सभागार में अवैध खनन की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की।
उन्होंने खनन विभाग को पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संभावित अवैध खनन स्थलों पर नाकों की संख्या बढ़ाने तथा वहां रोटेशन के आधार पर चौबीसों घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से कालका उपमंडल के बुर्जकोटिया, जबरोट, दीवानवाला, बसौला, पपलोहा, नानकपुर, चरणीया, महताब माजरा, कीर्तपुर, कर्मपुर, नवानगर और रामपुर जंगी तथा पंचकूला उपमंडल के रत्तेवाली, खेतपराली, रामपुर, काजमपुर, हरिपुर, खेड़ी बड़ौना, हंगोली, बतौड़, मौली, टोडा, नटवाल और रिहोड़ क्षेत्रों में नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
श्री सतपाल शर्मा ने बताया कि जिले में चरणीया, कोट, श्यामटू-1, नग्गल, श्यामटू-2 तथा करणपुर सहित कुल छह खनन ब्लॉक आवंटित हैं। उन्होंने खनन विभाग को निर्देश दिए कि खनन गतिविधियां पुनः शुरू होने के बाद यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी कार्य सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप ही हों। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में जिला माइनिंग अधिकारी अमित कुमार ने बताया गया कि अप्रैल 2026 से अब तक अवैध खनन में संलिप्त 112 वाहनों को जब्त किया गया है। इस दौरान 56 लाख 84 हजार 600 रुपये का जुर्माना वसूला गया तथा 40 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके अतिरिक्त, अंतरराज्यीय ट्रांजिट पास के बिना संचालित वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अगस्त 2025 से अब तक 108 वाहन जब्त किए गए हैं और 24 लाख 65 हजार 440 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
बैठक में एसडीएम कालका संयम गर्ग, जिला वन मंडल अधिकारी (पिंजौर) विशाल कौशिक, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, डीईटीसी (सेल्स टैक्स) हनिश गुप्ता, एसएचओ सतीश कुमार, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता आशीष चौहान, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के कार्यकारी अभियंता दीपक मेहरा, सिविल सर्जन कार्यालय से डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. संदीप जैन, लेबर इंस्पेक्टर तेजबीर सिंह, आरटीए कार्यालय से टीआई रविंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।