स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो ग्रामीण गंभीर घायल
चालक वाहन छोड़कर फरार, पत्नी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज
छपरा/एकमा (सारण): एकमा थाना क्षेत्र के छपरा–सीवान मुख्य मार्ग (एनएच-531) पर शनिवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सड़क किनारे बैठे दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक माने गांव के समीप वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सिवान जिले के दारौंदा थाना क्षेत्र के पांडेपुर निवासी अमलेश प्रसाद (45) के रूप में हुई है। वह अपनी टीवीएस एक्सएल मोपेड से छपरा से महाराजगंज लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में सड़क किनारे बैठे उपेन्द्र सिंह (45) और संतोष सिंह (48) भी स्कॉर्पियो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर किया गया।
घटना की सूचना पर पहुंची एकमा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में माने गांव के समीप लावारिस हालत में खड़ी स्कॉर्पियो बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार चालक की तलाश में जुटी है।
रविवार को मृतक की पत्नी सुभावती देवी ने स्कॉर्पियो के पंजीकरण संख्या के आधार पर चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई। थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है और चालक की जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
#Chapra #Ekma #Saran #RoadAccident #BiharNews #BreakingNews #CrimeNews #NH531 #ScorpioAccident #BhojpuriyaMatiNews #छपरा #एकमा #सारण #सड़क_हादसा #बिहार_न्यूज
Chapra, Saran | Aug 4, 2026