जिला पदाधिकारी, बांका की अध्यक्षता में आज आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक समाहरणालय के मिनी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण, ई-केवाईसी तथा सीएमआर गोदामों की स्थिति सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में समीक्षा के क्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि SMART PDS के तहत नए राशन कार्ड निर्माण की उपलब्धि सितंबर माह में 57.31 प्रतिशत रही। जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि शत प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए।
जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि NFSA के तहत खाद्यान्न वितरण की उपलब्धि को और बेहतर करते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। साथ ही, नए राशन कार्ड निर्माण एवं ई-केवाईसी से संबंधित लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभुकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए। SIO डिस्पैच में 100 प्रतिशत उपलब्धि को बनाए रखने तथा आयुष्मान कार्ड के सत्यापन में तेजी लाते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया गया। संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
समीक्षा के दौरान सितंबर 2026 माह के खाद्यान्न वितरण को 30 सितंबर 2026 तक शत-प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रत्येक माह की 20 तारीख तक शत प्रतिशत खाद्यान्न वितरण पूर्ण करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
बैठक में अक्टूबर 2026 माह के खाद्यान्न को 30 सितंबर 2026 तक जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं तक हर हाल में पहुंचाने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही राशन के पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण को पीओएस मशीन/पॉस डिजिटल प्रणाली के माध्यम से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ई-केवाईसी (e-KYC) अभियान को मिशन मोड में संचालित करने तथा शेष राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी 30 सितंबर 2026 तक शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
बैठक में खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं सीएमआर गोदामों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कुछ गोदामों, जैसे बेलहर आदि में खाद्यान्न की गुणवत्ता निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने की बात सामने आई। इस पर केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न का ही वितरण सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं से संबंधित आयुष्मान कार्ड बनाने योग्य लाभुकों की सूची तैयार करने तथा मिशन मोड में आयुष्मान कार्ड निर्गत कराने के लिए प्रखंड स्तरीय कार्यपालक सहायकों, सीएचसी सेंटर एवं जन वितरण प्रणाली के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
34 views | Banka, Bihar | Sep 26, 2026