बांका प्रखंड अंतर्गत लकड़ीकोला पंचायत के महेशाडीह पंचायत भवन में श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर विकास शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल ने की।
विकास शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को 22 जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए जिला मुख्यालय अथवा अन्य कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
विकास शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविर में राशन कार्ड, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आंगनबाड़ी से संबंधित सेवाएं, जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड सहित कुल 22 योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित लाभ एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभुकों से आवेदन भी प्राप्त किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने की सुविधा मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभुकों के बीच योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।
शिविर के माध्यम से जिला प्रशासन के सीधे गांव तक पहुंचने से ग्रामीणों में विशेष प्रसन्नता एवं विश्वास का भाव देखने को मिला। ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को स्थानीय स्तर पर सुना गया तथा संबंधित विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी एवं पात्र लाभुकों को लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।
इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में समरसता, भाईचारे और समानता का संदेश देते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान का मार्ग दिखाया था। उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए विकास शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। विकास शिविर का उद्देश्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इसी उद्देश्य से प्रशासन स्वयं गांव तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गुरुवार को आयोजित होने वाले विकास शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने तथा पात्र लाभुकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे विकास शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।
36 views | Banka, Bihar | Sep 26, 2026