भिंड में पत्रकार सम्मान समारोह के साथ रेल आंदोलन की आगे की रणनीति पर हुई प्रेस वार्ता, छह महीने से चल रहे महाअभियान को मिलेगा नया विस्तार
भिंड चंबल-बुंदेलखंड अंचल समग्र विकास जन-मंच द्वारा भिंड के होटल नारायणी हाइट्स में पत्रकार सम्मान समारोह एवं प्रेस वार्ता का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भिंड जिले भर से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। समारोह में पूज्य श्री श्री 1008 अयोध्या दास जी महाराज मुख्य आतिथ्य के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और वंदना से हुई, जिसके बाद पूरे सभागार में सम्मान और आध्यात्मिकता का वातावरण दिखाई दिया। अपने आशीर्वचनों में पूज्य अयोध्या दास जी महाराज ने कहा कि सत्य और निष्पक्षता के मार्ग पर चलने वाली पत्रकारिता समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं और जनहित के विषयों को सामने लाने वाले लोग सदैव सम्मान के अधिकारी होते हैं। उन्होंने सभी पत्रकारों को सत्य, साहस और लोककल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने समाजसेवी गुलाब सिंह राजावत के जनहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे लंबे समय से चंबल-बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से लहार विधानसभा में चल रहे "रेल नहीं तो वोट नहीं महाअभियान को जनता की आवाज बताते हुए कहा कि यह अभियान क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बन चुका है।
इसके बाद समाजसेवी गुलाब सिंह राजावत ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले करीब छह महीनों से लहार विधानसभा के गांव-गांव और घर-घर जाकर "रेल नहीं तो वोट नहीं" हस्ताक्षर महाअभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत एक लाख से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर भिंड-लहार-कोंच रेल परियोजना के समर्थन में अपनी सहमति दी है। उन्होंने कहा कि यह केवल हस्ताक्षर अभियान नहीं, बल्कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को जन-आंदोलन का रूप देने का प्रयास है। गुलाब राजावत ने कहा कि अब इस अभियान को अगले चरण में ले जाया जाएगा और आने वाले समय में रेल परियोजना को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भिंड-लहार-कोंच रेल लाइन क्षेत्र के युवाओं, व्यापार, किसानों और आम लोगों के भविष्य से जुड़ा विषय है और इसे पूरा कराने के लिए जन-जागरण लगातार जारी रहेगा। उन्होंने मीडिया बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे पत्रकारों का शाल, श्रीफल, माल्यार्पण और स्मृति-चिह्न देकर सम्मान किया गया। सभी पत्रकारों को **"राष्ट्र प्रहरी सम्मान-2026"** की शील्ड भेंट की गई। शील्ड पर अंकित संदेश के अनुसार यह सम्मान "सत्य, साहस और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से चंबल-बुंदेलखंड अंचल के विकास एवं जन-जागरण में अमूल्य व अनुकरणीय योगदान" के लिए प्रदान किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी पत्रकारों, अतिथियों और आयोजकों ने एक साथ भोजन ग्रहण किया। सम्मान समारोह और प्रेस वार्ता के माध्यम से जहां पत्रकारों का सम्मान किया गया, वहीं लहार विधानसभा में चल रहे रेल आंदोलन के अगले चरण की रूपरेखा भी साझा की गई।