मुख्य विकास अधिकारी ने बावन में गौ आश्रय स्थल, आरआरसी सेंटर, पशु चिकित्सालय और ब्लॉक कार्यालय का किया निरीक्षण
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी ने बुधवार को विकासखंड बावन का निरीक्षण कर अस्थायी गौ आश्रय स्थल, पशु चिकित्सालय, कूड़ा-कचरा अपशिष्ट प्रबंधन (आरआरसी) केंद्र तथा ब्लॉक कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्थायी गौ आश्रय स्थल बावन का रखरखाव उत्कृष्ट पाया गया। यहां स्थापित आनंद बायोगैस प्लांट के माध्यम से सरकारी प्रतिष्ठानों को विद्युत आपूर्ति की जा रही है तथा परिसर में आटा चक्की का भी संचालन हो रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने इस नवाचार की सराहना करते हुए व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
आरआरसी सेंटर के निरीक्षण में तैयार वर्मी कम्पोस्ट का विक्रय तथा छंटाई किए गए कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक भंडारण पाया गया। उन्होंने केंद्र के संचालन को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
पशु चिकित्सालय बावन में पशुओं के उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने बीमार एवं घायल पशुओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद ब्लॉक कार्यालय के निरीक्षण में परिसर में स्थित जर्जर भवन को तत्काल हटाने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने, उपस्थिति पंजिका का प्रतिदिन निरीक्षण करने तथा अभिलेखों को सुव्यवस्थित और अद्यतन रखने के निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान स्थापना पटल के अभिलेख अधूरे मिलने पर पटल सहायक अतुल अवस्थी को कठोर चेतावनी देते हुए एक सप्ताह के भीतर सभी अभिलेख पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही समय सीमा में कार्य पूरा न होने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों, स्वच्छता, पशु संरक्षण तथा कार्यालयी व्यवस्थाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, खंड विकास अधिकारी बावन डॉ. रामप्रकाश, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहित सिंह सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Jul 15, 2026