मुरैना में BJP नेता के घर चोरी, 4 लाख का माल पार, 45 हजार नकदी और सोने-चांदी के जेवर ले उड़े चोर
मुरैना। मुरैना शहर में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। अब अज्ञात चोरों ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के सह संयोजक एवं एडवोकेट लोकेन्द्र सिंह तोमर के घर को निशाना बनाया है। कृष्णा बिहार कॉलोनी स्थित उनके घर के ताले चटकाकर चोर करीब 4 लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में 45 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
16 अक्टूबर की रात सूने घर को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने कृष्णा बिहार कॉलोनी स्थित बीजेपी नेता लोकेन्द्र सिंह तोमर के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। बताया गया है कि बीजेपी नेता के माता-पिता किसी काम से अपने गांव गए हुए थे। इसी दौरान सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने ताले तोड़े और अंदर प्रवेश कर लिया।
लोहे का बक्सा तोड़कर नकदी और जेवर चोरी
घर के अंदर रखे लोहे के बक्से को तोड़कर चोर उसमें रखे 45 हजार रुपये नकद, सोने की झुमकी, सोने की अंगूठी और चांदी की दो जोड़ी पायल चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
चोरी की यह वारदात स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर अज्ञात आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
बीजेपी नेता के घर में चोरी की घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और चोरी गया सामान बरामद करने की चुनौती है।