दीपावली पर राजेंद्रग्राम में दिखी यादव समाज की लोकपरंपरा, सांसद हिमाद्री सिंह ने किया पारंपरिक दल का स्वागत-सम्मान
अनूपपुर। त्योहारों की चमक-दमक के बीच अपनी पुरानी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने की तस्वीर राजेंद्रग्राम से सामने आई है। दीपावली के अवसर पर शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह के निज निवास पर यादव समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा और अपनी सांस्कृतिक पहचान के साथ पहुंचे।
सांसद हिमाद्री सिंह ने इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए बताया कि यादव समाज द्वारा वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की गई।
तस्वीरों में समाज के सदस्य पारंपरिक सजावट, मोरपंख और लाठियों के साथ नजर आ रहे हैं। इस दौरान सांसद ने उनका आत्मीय स्वागत किया। साथ ही एक बुजुर्ग महिला को वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित भी किया।
हिमाद्री सिंह ने इस परंपरा और समाज के लोगों की आत्मीय शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने ईश्वर से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का प्रकाश सदैव बने रहने की कामना की।
यह आयोजन सामाजिक मेलजोल के साथ लोकसंस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं के महत्व को भी रेखांकित करता है।
#हिमाद्रीसिंह #राजेंद्रग्राम #दीपावली #अनूपपुर #BSP24News