भुलकाजोत में एसएसबी का निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 104 ग्रामीण लाभान्वित
41वीं वाहिनी एसएसबी रानीडंगा के तत्वावधान में सीमावर्ती गांव भुलकाजोत स्थित शिशु शिक्षा केंद्र में निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम 41वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री विकास कुमार के निर्देशन में सी कंपनी रामधनजोत द्वारा वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत आयोजित किया गया।
शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. गीथाश्री पी. ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता, पौष्टिक आहार, मौसमी बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। शिविर से कुल 104 सीमावर्ती ग्रामीण लाभान्वित हुए। ग्रामीणों ने एसएसबी के इस जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना की।