हर जिले की मिट्टी, एक मध्यप्रदेश की पहचान : संकल्प वृक्ष अभियान के तहत छिंदवाड़ा में हुआ माटी संग्रहण कार्यक्रम
===============================
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार संकल्प वृक्ष अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा में बुधवार को माटी/मिट्टी संग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश गान के साथ किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन 24 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी छिंदवाड़ा के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पी.के. वेलू के मार्गदर्शन एवं कमान में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू, नगर निगम महापौर श्री विक्रम अहके, एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल अमरप्रीत सिंह सोही, सूबेदार मेजर निसार एस., सूबेदार चरण सिंह, बटालियन स्टाफ बीएचएम निर्मल गुरूंग, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल चौहान, एनसीसी अधिकारी एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. शेखर ब्राह्मणे, एएनओ मेजर सिम्पल पाटिल, सेकंड ऑफिसर मुकेश कुरमेती, अन्य एनसीसी अधिकारी, महाविद्यालयीन स्टाफ, प्रबंधन एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित थे। कार्यक्रम का मंच संचालन कैडेट ख्याति शर्मा ने किया।
संकल्प वृक्ष अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन तथा प्रदेश के नागरिकों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों की माटी एकत्रित कर प्रदेश की एकता, विविधता और प्राकृतिक विरासत का प्रतीक बनाया जा रहा है। एकत्रित माटी को भोपाल पहुंचाया जाएगा, जहां मध्यप्रदेश दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम में इसका उपयोग किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले की मिट्टी अलग पहचान और विशेषता रखती है, लेकिन सभी मिलकर एक सशक्त और समृद्ध मध्यप्रदेश का निर्माण करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान सांसद श्री साहू द्वारा एक किलोग्राम माटी एनसीसी कैडेट अंडर ऑफिसर जतिन बंदेवार एवं कैडेट प्राची भनारे को सौंपी गई। इसी क्रम में नगर निगम महापौर श्री अहके द्वारा एक किलोग्राम माटी कैडेट भावी चौहान एवं कैडेट योगेश कोदोपी को सौंपी गई। यह माटी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भोपाल भेजी जाएगी।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट हर्षिता कवरे द्वारा संकल्प वृक्ष अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश के प्राचीन इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा एवं प्रदेश की विशिष्ट खूबियों पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री साहू ने कहा कि देश का युवा और एनसीसी कैडेट्स राष्ट्र का भविष्य हैं। उन्होंने युवाओं को देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया तथा प्रधानमंत्रीजी द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति अभियान से जुड़ने तथा नशे से दूर रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर कैडेट्स ने भी स्वस्थ, अनुशासित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
नगर निगम महापौर श्री अहके ने अपने संबोधन में जिले में किए जा रहे व्यापक पौधारोपण कार्यों का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में पौधारोपण किया जा चुका है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने युवाओं एवं एनसीसी कैडेट्स को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा अतिथियों के लिए हाई-टी की व्यवस्था की गई। इस दौरान उपस्थित अतिथियों एवं कैडेट्स के बीच संवादात्मक वातावरण बना, जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने सांसद श्री साहू के समक्ष अपने विचार एवं प्रश्न रखे तथा सक्रिय रूप से सहभागिता की। पूरे कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स का अनुशासन, समर्पण एवं उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, युवा शक्ति, नशामुक्ति तथा मध्यप्रदेश की एकता और गौरव का संदेश दिया। “हर जिले की माटी, हर दिल का अभिमान — एकता से बनेगा सशक्त मध्य प्रदेश महान।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh