➡️ सेवा संकल्प अभियान 2026: कहानी सेवा की
➡️ समूह से जुड़कर गरीबी से लखपति बनने तक का सफर, छोटी बाई गौड़ बनीं अपने समुदाय की रोल मॉडल
जैसीनगर विकासखंड के ग्राम बरखेड़ा महंत निवासी श्रीमती छोटी बाई गौड़ ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया और आत्मनिर्भरता की नई मिसाल प्रस्तुत की है। समूह से जुड़ने से पहले परिवार की आय सीमित थी। पति मकान निर्माण कार्य में मजदूरी एवं मिस्त्री का काम करते थे। परिवार के पास 5 एकड़ भूमि थी, लेकिन सिंचाई का साधन नहीं होने के कारण भूमि दूसरे किसान को 10 हजार रुपये वार्षिक ठेके पर देनी पड़ती थी। बच्चों की पढ़ाई के लिए परिवार को सागर में किराये के मकान में रहना पड़ता था।
श्रीमती छोटी बाई वर्ष 2014 में राधा स्व-सहायता समूह से जुड़ीं और अपने समुदाय की 11 महिलाओं को भी समूह से जोड़ा। समूह को बैंक लिंकेज के माध्यम से 11 हजार रुपये से लेकर विभिन्न चरणों में ऋण राशि प्राप्त हुई। समूह एवं व्यक्तिगत ऋण से उन्होंने सेंट्रिंग सामग्री खरीदी और मकान निर्माण कार्य शुरू किया, जिससे परिवार की आय में लगभग 70 हजार रुपये वार्षिक की वृद्धि हुई।
आय बढ़ने के बाद उन्होंने अपनी खेती को विकसित किया। बांध से पानी लाने के लिए मोटर और पाइप खरीदे तथा स्वयं खेती शुरू की। 5 एकड़ भूमि के साथ 6 एकड़ अतिरिक्त भूमि किराये पर लेकर उड़द, सोयाबीन, गेहूं, चना, मसूर, मिर्च, टमाटर, प्याज सहित विभिन्न फसलों की खेती शुरू की। कृषि कार्य में उनके बेटों ने भी सहयोग करना शुरू किया।
परिवार की मेहनत से वार्षिक आय लगभग 5 लाख रुपये तक पहुंची। पक्का मकान, दोपहिया वाहन, कृषि यंत्र और परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति उनके आर्थिक बदलाव को दर्शाती है। पॉलीहाउस में ऑफ-सीजन सब्जी उत्पादन का नवाचार कर श्रीमती छोटी बाई अपने समुदाय के लिए रोल मॉडल बन गई हैं।
#jansamparkMP #sagar
1 views | Sagar, Madhya Pradesh | Sep 18, 2026