➡️ सेवा संकल्प अभियान 2026: कहानी सेवा की
➡️ सेंसर आधारित स्वचालित फर्टिगेशन सिस्टम से किसान राजेंद्र लोधी को मिला आधुनिक कृषि का लाभ
आधुनिक तकनीक का कृषि में उपयोग किसानों की लागत कम करने, संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने और उत्पादन को स्थिर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विकासखंड जैसीनगर के ग्राम मूडरा निवासी कृषक श्री राजेंद्र लोधी के खेत में सेंसर आधारित स्वचालित फर्टिगेशन सिस्टम स्थापित किया गया है। इससे उन्हें आधुनिक कृषि तकनीक का लाभ मिल रहा है।
सेंसर आधारित स्वचालित फर्टिगेशन सिस्टम की कुल लागत 4 लाख 31 हजार रुपये है, जिस पर कृषक श्री राजेंद्र लोधी को 2 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया गया है। यह प्रणाली 10 एकड़ क्षेत्र में स्थापित ड्रिप सिंचाई व्यवस्था के माध्यम से फसल तक आवश्यक पानी एवं उर्वरक स्वचालित रूप से पहुंचाने में सहायक होगी।
सिस्टम में लगे सेंसर फसल एवं मिट्टी की आवश्यकता के अनुसार पानी और पोषक तत्वों की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध कराने में मदद करेंगे। साथ ही सिंचाई के पानी का पीएच स्तर भी नियंत्रित रखा जा सकेगा। इससे पानी और उर्वरकों के उपयोग में दक्षता आएगी तथा फसल को आवश्यकता के अनुरूप पोषण मिल सकेगा। इस आधुनिक तकनीक से सिंचाई एवं उर्वरक प्रबंधन अधिक व्यवस्थित होने के साथ कृषि कार्यों में श्रम और संसाधनों की बचत होने की संभावना है। फसल की गुणवत्ता में सुधार और उत्पादन में स्थिरता आने की भी उम्मीद है।
कृषक श्री राजेंद्र लोधी आधुनिक तकनीक को अपनाकर कृषि लागत के बेहतर प्रबंधन और उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। सेंसर आधारित फर्टिगेशन सिस्टम उनके खेत में परंपरागत कृषि से आधुनिक और तकनीक आधारित कृषि की ओर बदलाव की कहानी प्रस्तुत कर रहा है।
#jansamparkMP #sagar