Public App Logo
खाकी वर्दी में हरियाली का जज्बा : औरंगाबाद के सिपाही ने इस वर्ष उगाए 10 हजार पौधे अगले साल 1 लाख पौधे का लक्ष्य | आंवला से सागवान तक, सभी पौधे वितरण कर रहे है निशुल्क वर्दी खाकी है, ड्यूटी सख्त है, छुट्टी कम है। लेकिन इरादे हरे हैं और जज्बा जंगल जितना बड़ा।ये कहानी है औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड, ग्राम पंचायत बेरी के रुनिया गांव के देवेंद्र कुमार की। पेशे से बिहार पुलिस के 2011 बैच के सिपाही और जुनून से पर्यावरण के सिपाही है जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनोखी पहल कर मिसाल कायम की है। देवेंद्र ने अपनी निजी जमीन और निजी खर्च से नर्सरी तैयार कर लगभग 10 हजार पौधे उगाए हैं। इन पौधों का निशुल्क वितरण किया जा रहा है। देवेंद्र बताते हैं कि पर्यावरण के प्रति लगाव उनमें बचपन से ही है। राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, मदनपुर में कक्षा में तत्कालीन शिक्षक रहे स्वर्गीय उदय सिंह सर द्वारा कराए गए वृक्षारोपण अभियान ने उनके जीवन की दिशा तय कर दी। "उस दिन गुरुजी ने कहा था - एक पेड़ 10 लोगों को जीवन देता है। बस वही बात मेरे दिल में बीज बनकर रह गई।" नौकरी लगने के बाद भी वह बीज उनके मन में बढ़ता रहा। पिछले तीन वर्षों से देवेंद्र इस काम में जुटे थे। पहले साल उन्हें असफलता मिली, बीज नहीं उग पाए। लेकिन उन्होंने हौसला नहीं खोया। इस वर्ष उन्होंने हाजीपुर से बीज मंगाकर बोए और 3 से 4 महीने की कड़ी मेहनत के बाद नर्सरी तैयार कर ली। उनकी इस नर्सरी में औषधीय पौधों में आंवला और नीम, फलदार में आम और अमरूद, छायादार और काष्ठीय में पीपल, सागवान, सिसम और महोगनी, वहीं सौंदर्य के लिए गुलमोहर, अगस्त और कचनार के पौधे तैयार किए गए हैं। देवेंद्र का कहना है कि कोई भी ग्रामीण रुनिया गांव आकर अपनी आवश्यकता के अनुसार पौधे ले जा सकता है। सभी पौधे पूरी तरह निशुल्क हैं। इस सफलता के बाद देवेंद्र का हौसला और बढ़ गया है। उन्होंने अगले वर्ष एक लाख पौधे तैयार कर निशुल्क वितरण करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए वे संसाधन जुटाने में लगे हैं। देवेंद्र बताते हैं कि इस काम में सबसे बड़ी चुनौती समय की कमी है। "पुलिस की नौकरी में छुट्टी कम मिलती है। जो भी अवकाश मिलता है, उसे मैं गांव और आने वाली पीढ़ी के नाम कर देता हूं।" इस नेक काम में उनके माता-पिता राजाराम साव और रामप्यारी देवी का भी महत्वपूर्ण योगदान है। जब मैं ड्यूटी पर होता हूं तो नर्सरी की देखभाल मम्मी-पापा करते हैं। उनके सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। देवेंद्र का संकल्प साफ है - "वर्दी से मैं देश की रक्षा करता हूं और पौधों के माध्यम से धरती माँ की रक्षा करना चाहता हूं।" स्थानीय लोगों ने भी उनकी इस पहल की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया है। #KhakiWardiHariyali #DevendraKumar #AurangabadNews #BiharPolice #TreePlantation #GreenBharat` #PoliceWithPurpose #GreenInitiative #BiharPride #PlantTreesSaveEarth #AurangabadBihar #MadanpurNews #Runia #BiharNews #PatnaNews #KhakiWardiHariyali #DevendraKumar - Aurangabad News