सेवा संकल्प अभियान : महिष्मती घाट पर जगमगाए 25,500 दीप
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित कर व्यक्त किया गया आभार,
जिलेभर में 2 लाख 70 हजार 50 दीपों से रोशन हुआ सेवा का संकल्प
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुरुवार को मंडला के ऐतिहासिक महिष्मती घाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके के मुख्य आतिथ्य में 25,500 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से महिष्मती घाट परिसर जगमगा उठा। इस अवसर पर मां नर्मदा की आरती में सहभागिता कर नमन किया गया तथा शासन के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत महिष्मती घाट परिसर के पांच निर्धारित स्थलों—छोटा रपटा घाट, कला दीर्घा से छोटे पुल तक, महिष्मती घाट-1 (बड़े पुल से पंचचौकी तक), महिष्मती घाट-2 (पंचचौकी से रपटा तक) तथा दादा धनीराम घाट—पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। प्रत्येक स्थल पर 5,100 दीपों के मान से कुल 25,500 दीपों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, जन अभियान परिषद के सदस्यों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से निर्धारित लक्ष्य पूर्ण किया गया।
सायं 7 बजे निर्धारित स्थलों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कला दीर्घा से छोटे पुल, रेवा पथ, दादा धनीराम आश्रम परिसर, पंचचौकी आरती घाट सहित अन्य स्थल दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठे। नगर पालिका द्वारा घाटों पर साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था तथा आजीविका मिशन द्वारा दीपकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।
सेवा भावना और जनभागीदारी का प्रतीक है ‘आशीर्वाद का दीया’- मंत्री श्रीमती उईके
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा संकल्प है। शासन द्वारा जनजातीय अंचल सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, विकास और जनकल्याण के संकल्प को प्रकाशमान किया जा रहा है।
सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि नर्मदा के पावन तट पर आयोजित यह दीप प्रज्ज्वलन हमारी सांस्कृतिक परंपरा, आस्था और सेवा भावना का प्रतीक है। जनभागीदारी से आयोजित यह कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान की भावना को और मजबूत करता है।
जिलेभर में 2 लाख 70 हजार 50 दीप प्रज्ज्वलित
‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के अंतर्गत मंडला जिले में व्यापक स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन किया गया। महिष्मती घाट पर 25,500 दीप, जिले के 17 घाटों पर 1,717 दीप, 33 सार्वजनिक स्थलों पर 16,533 दीप तथा 13 नगरीय निकायों में 66,300 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके साथ ही 1.50 लाख हितग्राहियों के घरों में तथा पंचायत स्तर पर धार्मिक स्थलों में 11 हजार दीप जलाए गए। इस प्रकार जिलेभर में कुल 2 लाख 70 हजार 50 दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सहभागिता और जनकल्याण के संकल्प को प्रकाशमान किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, वरिष्ठ समाजसेवी श्री प्रफुल्ल मिश्रा, प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य विभाग श्री गुलशन बामरा, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, एडीएम श्री हुनेन्द्र घोरमारे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम मंडला श्री शैलेन्द्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जन अभियान परिषद के सदस्य, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Sampatiya Uikey
Faggan Singh Kulaste
PMO India
Narendra Modi #सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #AshirwadKaDiya
2 views | Mandla, Madhya Pradesh | Sep 18, 2026