वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई,एसटीएफ के इनपुट पर दो हथियार तस्कर गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद
वैशाली पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देश पर पुलिस ने 'प्रिवेंटिव पुलिसिंग' के तहत सदर थाना क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध आग्नेयास्त्रों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बिहार एसटीएफ, पटना से सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के पानापुर लंगा गांव में हथियार तस्कर अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में सदर थाना की टीम ने तत्काल छापेमारी की और मौके से दो तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पानापुर लंगा निवासी राजा कुमार (पिता मंजीत कुमार) और दीना पासवान (पिता जयमंगल पासवान) के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, सात जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन तथा दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पकड़े गए अभियुक्त राजा कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर बरॉटी थाने में मद्यनिषेध एवं आर्म्स एक्ट का मामला पहले से दर्ज है। इस मामले में सदर थाने में कांड संख्या 600/26 के तहत आर्म्स एक्ट सहित सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
Bihar, India | Aug 22, 2026