उदयपुर पुलिस का अपराधियों के खिलाफ बड़ा एक्शन, जिलेभर में रेड और एरिया डोमिनेशन अभियान
उदयपुर। जिले में शांति, सुरक्षा और मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उदयपुर पुलिस ने अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ व्यापक रेड एवं एरिया डोमिनेशन महाअभियान चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में जिलेभर में एक साथ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने 49 नए प्रकरण दर्ज करते हुए कुल 354 अपराधियों को गिरफ्तार किया। वहीं 10 हार्डकोर अपराधियों और 147 हिस्ट्रीशीटरों के ठिकानों पर दबिश देकर सघन जांच एवं पूछताछ की गई।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 61 स्थाई वारंटी, 14 गिरफ्तारी वारंट तथा 1 इनामी अपराधी को भी गिरफ्तार किया।
अभियान के तहत NDPS एक्ट से जुड़े अपराधियों, मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों तथा सक्रिय एवं आदतन अपराधियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन करते हुए संदिग्ध ठिकानों पर अचानक दबिश दी।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई के सुपरविजन में जिले के समस्त वृत्ताधिकारियों एवं थानाधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों द्वारा की गई।
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने स्पष्ट किया कि जिले में आपराधिक गतिविधियों, अवैध मादक पदार्थों एवं हथियारों के संग्रहण, सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।