वृंदावन में दर्दनाक हादसा: जहरीली गैस की चपेट में आए 5 बच्चे, 4 की मौत
मथुरा/वृंदावन: वृंदावन के चैतन्य विहार इलाके में संचालित एक कथित गुरुकुल में बुधवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। परिसर में बने भूमिगत पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से पांच बच्चे बेहोश हो गए। इनमें से चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के अनुसार, यह संस्थान आशीष शर्मा द्वारा संचालित किया जा रहा था। इसमें करीब 200 बच्चे पंजीकृत बताए गए हैं, जबकि वर्तमान में लगभग 100 बच्चे परिसर में रह रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, टैंक से बदबू आने के बाद बच्चों ने खुद ही उसकी सफाई करने की कोशिश की। पानी निकालने के बाद कुछ बच्चे टैंक के अंदर उतर गए, जहां जहरीली गैस के कारण सभी पांच बच्चे बेहोश हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायल बच्चे को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए घायल बच्चे के समुचित इलाज और राहत-बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं।
संस्थान की मान्यता पर भी उठे सवाल
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि संस्थान में रहने वाले बच्चे स्थानीय नहीं हैं और अलग-अलग राज्यों से आए हुए हैं। ऐसे में प्रशासन अब यह जांच करेगा कि यह गुरुकुल किन नियमों और परिस्थितियों में संचालित हो रहा था और क्या इसे संबंधित विभागों से आधिकारिक मान्यता प्राप्त थी।
उन्होंने कहा कि संस्थान को आधिकारिक मान्यता नहीं मिलने की बात सामने आई है। पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराई जाएगी, जिसमें संस्थान के संचालन, बच्चों के रहने की व्यवस्था और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच होगी।
हादसे के बाद प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए संस्थान की व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों की भी जांच शुरू कर दी है। #Mathuranews #vrindavan #gurukull
#accident #DMKasganj