दशहरा पर्व को लेकर अलर्ट जिला प्रशासन, DM-SP ने रावण दहन और प्रतिमा विसर्जन स्थल का किया निरीक्षण
गांधी मैदान में सुरक्षा, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन की समीक्षा, अदरी नदी घाट पर गोताखोरों व आपातकालीन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
औरंगाबाद। दशहरा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने गांधी मैदान में रावण दहन कार्यक्रम तथा अदरी नदी स्थित प्रतिमा विसर्जन स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान गांधी मैदान में बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास द्वार, महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा साफ-सफाई की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को आमजन की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
वहीं, अदरी नदी स्थित प्रतिमा विसर्जन स्थल पर जलस्तर, सुरक्षा व्यवस्था, गोताखोरों की उपलब्धता और आपातकालीन प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सतर्क रहने को कहा गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदर गौरव सिंह, एसडीपीओ सदर, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी तथा संबंधित बीडीओ एवं सीओ उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से दशहरा पर्व हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाने, प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
#BharatCrimeLiveNews #AurangabadBihar #Dussehra2026 #दशहरा_2026 #अभिलाषा_शर्मा #उपेंद्रनाथ_वर्मा #जिला_प्रशासन #सुरक्षित_दशहरा #रावण_दहन #प्रतिमा_विसर्जन
Rafiganj, Aurangabad | Oct 15, 2026