श्रावण के प्रथम सोमवार पर बाबा मत्यगयेंद्रनाथ सरकार में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट में श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर आस्था का अद्भुत जनसैलाब उमड़ पड़ा। रामघाट स्थित प्राचीन बाबा मत्यगयेंद्रनाथ सरकार मंदिर में लाखों शिवभक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारों से गुलजार रहा।
मान्यता है कि सृष्टि के आरंभ से पूर्व ब्रह्मा जी के 108 कुंडीय यज्ञ से महाराजाधिराज बाबा मत्यगयेंद्रनाथ सरकार प्रकट हुए थे। वे क्षेत्रपाल के रूप में इस पावन भूमि की रक्षा करते हैं। शिवपुराण के अनुसार बाबा मत्यगयेंद्रनाथ स्वयंभू उपज्योतिर्लिंग स्वरूप विराजमान हैं, जिसके कारण यहां दूर-दराज़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
श्रावण के प्रथम सोमवार पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरा वातावरण "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की समुचित व्यवस्था की थी। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रही, जिससे दर्शन व्यवस्था शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।