जनपद बस्ती, 02 जुलाई 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बस्ती दौरे को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हरैया क्षेत्र में कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण,सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर दिया जोर
जनपद बस्ती के थाना हरैया क्षेत्रांतर्गत मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के प्रस्तावित आवागमन कार्यक्रम को लेकर हरैया विधायक अजय सिंह जिलाधिकारी बस्ती कृतिका ज्योत्सना एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ यशवीर सिंह ने आज कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता एवं यातायात प्रबंधन की बारीकी से समीक्षा की।
जिलाधिकारी बस्ती ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण की जाएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जल निगम, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे। विशेष रूप से महिलाओं, वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग बैठने और आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ यशवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष बल देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल के चारों ओर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया जाएगा। यातायात को सुगम बनाने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। निरीक्षण के समय प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक दैनिक कैटिल्य का भारत
Basti, Basti | Jul 2, 2026