जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 02 जुलाई 2026
थाना छावनी पुलिस की बड़ी कार्यवाही, सीतारामपुर मांझा से 120 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, 220 क्विंटल लहन मौके पर नष्ट
पुलिस अधीक्षक बस्ती यशवीर सिंह द्वारा चलाए जा रहे अवैध कच्ची शराब की रोकथाम एवं निष्कर्षण अभियान के तहत थाना छावनी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती श्यामकान्त के पर्यवेक्षण में तथा क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में छावनी पुलिस टीम ने मुखबीर की सूचना पर सीतारामपुर मांझा पर छापेमारी की।
पुलिस को देखकर अभियुक्तगण मौके से फरार हो गए। मौके से बरामदगी में 6 पीले रंग के 20-20 लीटर के प्लास्टिक डिब्बों में कुल 120 लीटर अवैध अपमिश्रित कच्ची शराब, 1 किलोग्राम नौसादर, 5 किलोग्राम यूरिया, शराब बनाने के उपकरण, 5 अदद 200 लीटर के टीन ड्रम जिनमें नलकी लगी हुई थी, 2 स्टील की प्लेट तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। मौके पर लगभग 220 क्विंटल लहन रखा था और भट्टी धधक रही थी।
राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद 120 लीटर अवैध शराब एवं 220 क्विंटल लहन को सरयू नदी के किनारे कल्याणपुर मांझा क्षेत्र में नष्ट कर दिया गया। साथ ही धधक रही भट्टी को तोड़फोड़ कर नष्ट किया गया। फर्द बरामदगी के आधार पर थाना छावनी पर मु0अ0सं0 146/2026 धारा 60/63 आबकारी अधिनियम व 274 बीएनएस के तहत मारकण्डे पुत्र जगत निषाद निवासी छतौना तथा 10 अन्य अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस फरार अभियुक्तों की तलाश में दबिश दे रही है।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक दैनिक कैटिल्य का भारत
Basti, Basti | Jul 2, 2026