श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का सैलाब
@followers @top fans News 24 Udaipur
#udaipur #ShreeRamMandir #viralpost #nonfollowers
अरावली लायंस क्लब उदयपुर एवं अरावली लायंस ट्रस्ट, बेदला परिसर में शनिवार को भव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं माता सीता की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। यह भव्य श्रीराम मंदिर सुदर्शन ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के निदेशक एवं समाजसेवी लायन आर.पी. गुप्ता तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सपना गुप्ता द्वारा अपने पूज्य पिताजी स्वर्गीय जुगलकिशोर जी एवं माताजी स्वर्गीय सरस्वती देवी जी की पुण्य स्मृति में निर्मित कराया गया है।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ हवन, पूजन एवं वैदिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। वैदिक आचार्यों के सान्निध्य में संपन्न हुए इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में लायन सदस्य, धर्मानुरागी, सेवाभावी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे परिसर में जय श्रीराम के जयघोष और भक्ति रस की अनुपम छटा देखने को मिली।
इस अवसर पर लायन आर.पी. गुप्ता ने कहा कि मंदिर निर्माण का उद्देश्य केवल एक धार्मिक स्थल का निर्माण करना नहीं, बल्कि अपना घर आश्रम में निवासरत प्रभुजनों को प्रतिदिन भगवान के दर्शन, आरती एवं आध्यात्मिक वातावरण का लाभ प्रदान करना है, जिससे उन्हें सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति और आत्मिक संबल प्राप्त होगा।
उपस्थित अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने गुप्ता परिवार के इस सेवा और श्रद्धा से परिपूर्ण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह मंदिर आने वाले समय में क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा तथा समाज में सेवा, संस्कार और धर्म के प्रति आस्था को नई दिशा प्रदान करेगा।
प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात भगवान श्रीराम की महाआरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव का अनुपम संगम बनकर सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया।
गोपाल कनेरिया
अध्यक्ष
अपना घर आश्रम उदयपुर
Girwa, Udaipur | Jun 27, 2026