छात्रम छात्र संगठन ने चौरस गर्ल्स हॉस्टल में लगाया हेल्थ कैंप, 150 से अधिक छात्राओं ने लिया लाभ
श्रीनगर। गढ़वाल विश्वविद्यालय की छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर छात्रम छात्र संगठन की ओर से चौरस गर्ल्स हॉस्टल में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय की 150 से अधिक छात्राओं ने हिस्सा लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न समस्याओं पर परामर्श लिया।
कैंप में गाइनोकोलॉजिस्ट डॉ. मारिसा पंवार और डॉ. रिधिमा ने छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। वहीं, डॉ. रामचंद्र क्लीनिक की पूरी डेंटल टीम ने छात्राओं का दंत परीक्षण कर दांतों एवं मुंह से जुड़ी समस्याओं के संबंध में परामर्श दिया।
शिविर में छात्राओं ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के सामने अपनी समस्याएं खुलकर साझा कीं। शोध छात्राओं समेत अन्य छात्राओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए, ताकि छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए उचित मार्गदर्शन मिल सके।
इस अवसर पर पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष रूपेश नेगी के साथ छात्रम छात्र संगठन की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। सृष्टि, प्रिंसा, साक्षी, वैभवी, सुहानी, दिशा, निकिता सहित अन्य छात्राओं ने शिविर के आयोजन में सहयोग किया।