#अभाविप द्वारा कला प्रतियोगिता का आयोजन, कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई #सिकन्दरपुर के तत्वावधान में सोमवार को क्षेत्र के "कुष्मावती देवी इंटर कॉलेज" में कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का आकर्षक प्रदर्शन किया।
#प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों को डेढ़ घंटे का समय निर्धारित किया गया था। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता का परिचय देते हुए विभिन्न विषयों पर सुंदर चित्र उकेरे। पूरे समय प्रतियोगिता शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई, वहीं विद्यालय परिवार और परिषद के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया।
#बता दें कि प्रतियोगिता में तैयार किए गए सभी चित्रों का मूल्यांकन विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा। *प्रतियोगिता का परिणाम 15 जुलाई को घोषित किया जाएगा।* इसी दिन विद्यालय परिसर में एक संगोष्ठी कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसके उपरांत विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
#प्रतियोगिता में प्रत्येक कक्षा से *प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान* प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना तथा उनमें कला के प्रति रुचि विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान नगर मंत्री दिव्यांशु मिश्रा सहित नगर इकाई के समस्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे।