जालौन में बाइक सवार पर जानलेवा हमला, घात लगाकर मारी गोली-डाला फंदा | बाल बाल बचा युवक
ASP-C.O.ने लिया संज्ञान
5 लोगों पर नामजद तहरीर, पुलिस बोली- तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
आटा थाना क्षेत्र के ग्राम अटरिया निवासी संजीव कुमार अहिरवार उम्र 45 वर्ष पर शुक्रवार रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच घात लगाकर जानलेवा हमला किया गया। घायल के भाई सुनील कुमार अहिरवार ने पुलिस को तहरीर देकर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
सुनील कुमार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका बड़ा भाई संजीव शुक्रवार रात मोटरसाइकिल से अकेले घर लौट रहा था। आरोप है कि अटरिया गांव की गौशाला के पास झाड़ियों में घात लगाए बैठे दीपू खटीक, नीतू खटीक, छैला खटीक पुत्र जगदीश खटीक निवासी अटरिया और उनके साथी रईस पठान व डोली प्रजापति ने संजीव पर हमला कर दिया।
तहरीर के मुताबिक दीपू खटीक एवं जीतू खटीक ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। एक गोली मोटरसाइकिल की हेडलाइट पर लगी जबकि दूसरी गोली संजीव के बाएं हाथ में लगी। आरोप है कि इसी दौरान रईस ने गले में फंदा डालकर फांसी लगाने की कोशिश की और डोली प्रजापति ने पीछे से पीठ पर वार किया।
घटना के बाद घायल संजीव ने फोन पर भाई सुनील को सूचना दी। सुनील तत्काल मौके पर पहुंचा और भाई को इलाज के लिए जिला अस्पताल उरई लेकर आया। जिला अस्पताल में अपर पुलिस अधीक्षक एवं सी.ओ. कालपी की मौजूदगी में घायल का इलाज के लिए जिला अस्पताल उरई में भर्ती किया गया।
Jalaun, Jalaun | Jun 21, 2026