गोंडा: ट्रक की चकाचौंध से अनियंत्रित होकर नहर में गिरी कार, दरोगा जी ने बचाई चालक की जान
गोंडा थाना क्षेत्र के नगला बिरखू चौकी अंतर्गत किनमासा नहर के पास बुधवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सामने से आ रहे ट्रक की तेज लाइट के कारण अनियंत्रित होकर एक फोर व्हीलर गाड़ी सीधे नहर में जा गिरी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, अरनिया गढ़ी (थाना गोरई, खैर) निवासी शैलेंद्र पुत्र सुग्रीव सिंह रात करीब 1:20 बजे अपनी कार से मथुरा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह गोंडा थाना क्षेत्र की किनमासा नहर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक की तेज लाइट ने उन्हें चकाचौंध कर दिया। इससे चालक संतुलन खो बैठा और गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी। गाड़ी में ड्राइवर बंद था गाड़ी नहर में 1 किलोमीटर तक तैरती रही ड्राइवर ने बड़ी मशक्कत के साथ शीशा तोड़ा और पुलिस को कॉल की
पुलिस ने दिखाई तत्परता
हादसे की सूचना मिलते ही 112 नंबर की टीम के साथ गोंडा थाने के एसआई शांति शरण यादव और एसआई बलराम सिंह मय फोर्स के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पानी में डूबी गाड़ी का दरवाजा खोलकर चालक शैलेंद्र को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते मदद मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया।
पुल की जर्जर हालत से आक्रोश
क्षेत्रीय लोगों और चालकों ने बताया कि किनमासा नहर के इस पुल पर पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पुल के दोनों ओर की साइडें काफी समय से टूटी हुई हैं, जिसके कारण रात के समय खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुल की मरम्मत के लिए कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द पुल की मरम्मत कराने और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।
Koil, Aligarh | Jul 9, 2026