चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ पौड़ी जिले में बड़ा अभियान
11 टीमों ने बाजारों में की ताबड़तोड़ छापेमारी, दुकानों में स्टॉक की जांच
चीनी की जमाखोरी, अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए पौड़ी जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य एवं पूर्ति विभाग की 11 टीमों ने रविवार को जनपद के विभिन्न बाजारों में औचक छापेमारी कर खाद्य दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में चीनी के स्टॉक और उसकी उपलब्धता की जांच की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि विभागीय टीमों ने कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर, पाबौ, लैंसडाउन, सतपुली, लक्ष्मणझूला, चौबट्टाखाल, रिखणीखाल, दुगड्डा और उफरैंखाल बाजारों में दुकानों का निरीक्षण किया। टीमों ने व्यापारियों से चीनी का अनावश्यक भंडारण न करने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई व्यापारी चीनी की जमाखोरी, अवैध भंडारण अथवा कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को आवश्यक खाद्य सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले के बाजारों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी नियमित और औचक निरीक्षण जारी रहेगा। विभाग ने व्यापारियों को नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा है कि खाद्य सामग्री की कृत्रिम कमी पैदा करने अथवा कालाबाजारी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।